Punjab Congress Candidates: पंजाब में लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी की है। पंजाब में कांग्रेस की यह तीसरी लिस्ट है। जिसमें 4 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार मैदान में उतारे गए हैं। पार्टी हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लुधियाना से उम्मीदवार बनाया है।
वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को गुरदासपुर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसी प्रकार खडूर साहिब से कुलबीर जीरा और आनंदपुर साहिब से विजय इंदर सिंगला को टिकट दिया गया है। जबकि फिरोजपुर लोकसभा सीट पर अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। यहां अभी पेंच फंसा हुआ है। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अब तक 12 सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतार दिये हैं।
पंजाब में कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों को जानिए
कांग्रेस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को जालंधर सीट से, आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और सांसद धर्मवीर गांधी को पटियाला से, जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू को बठिंडा से, सुखपाल सिंह खैरा को संगरूर से, गुरजीत सिंह औजला को अमृतसर सीट से, अमर सिंह को फतेहगढ़ साहिब से, होशियारपुर से यामिनी गोमर, फरीदकोट से अमरजीत कौर को उम्मीदवार बनाया है।
पंजाब में AAP के सभी उम्मीदवार घोषित
पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने कुल 13 लोकसभा सीटों के लिए अपने सभी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। आप ने पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग को आनंदपुर साहिब से उम्मीदवार बनाया है। वहीं होशियारपुर से आम आदमी पार्टी ने डॉ राजकुमार चब्बेवाल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को संगरूर संसदीय क्षेत्र से आप का उम्मीदवार बनाया गया है।