
नई दिल्ली
नई दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार से चुनाव प्रचार की शुरुआत की। पीएम ने अशोक विहार में जनता को संबोधित करते हुए आप सरकार पर निशाना साधा। मोदी ने आप सरकार को आपदा सरकार बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता में खुद को कट्टर बेईमान बताने वाले लोग बैठे हैं। जो खुद शराब घोटाले के आरोपी हैं। ये चोरी भी करते हैं और सीनाजोरी भी। दिल्ली वालों को इस आपदा सरकार को सत्ता से हटाना है। आज हर गली कहती है आपदा को नहीं सहेंगे, बदलकर रहेंगे।
पीएम ने इस चुनाव के लिए नारा दिया कि आपदा को हटाना है, भाजपा को लाना है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में 4500 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का इनॉग्रेशन और शिलान्यास किया। उन्होंने दिल्ली के अशोक विहार में बने 1,675 फ्लैट्स का भी उद्घाटन किया। गरीबों के लिए नए घर का इनॉग्रेशन करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मैं भी शीशमहल बना सकता था, लेकिन मैंने कभी अपना घर नहीं बनाया, 10 सालों में 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्का घर दिया है।
केजरीवाल बोले; आपदा नहीं, आशीर्वाद है
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आपदा दिल्ली में नहीं, भाजपा में आई हुई है। भाजपा के पास न तो सीएम फेस है और न ही एजेंडा। पूर्व सीएम ने कहा कि हमने दिल्ली में इतने काम किए हैं कि घंटों तक गिना सकते हैं। अपने 43 मिनट के भाषण में वे (पीएम) कोई काम नहीं गिना पाए। केजरीवाल ने यह पलटवार पीएम मोदी की रैली के डेढ़ घंटे बाद किया। दरअसल, मोदी ने शुक्रवार को अशोक विहार में रैली के साथ दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आगाज किया।
इस रैली में उन्होंने आप को दिल्ली के लिए ‘आपदा की सरकार’ बताया था। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर कानून-व्यवस्था की आपदा है। गैंगस्टर गोलियां चला रहे हैं, व्यापारी रो रहे हैं और सुरक्षा मांग रहे हैं। मोदी और शाह के कानों में आवाज नहीं पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि मैं मोदी जी से कहना चाहूंगा कि शाह जी से कहें सरकारें जोडऩे-तोडऩे से थोड़ा सा समय मिले, तो दिल्ली की सुरक्षा पर ध्यान दें। जो काम हम कर रहे हैं, उसे आपदा नहीं, आशीर्वाद कहते हैं।