
शिमला
68वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलों में हिमाचल प्रदेश के अंडर-17 व अंडर-19 वर्ग के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 33 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसमें खिलाडिय़ों ने तीन स्वर्ण पदक, छह रजत पदक और 24 कांस्य पदक जीते। पहली बार स्कूली खेलों में हिमाचल के खिलाडिय़ों ने 33 पदक जीतकर इतिहास रचा है। राष्ट्रीय स्कूल खेलों में हिमाचल के अंडर-19 वर्ग के बॉक्सिंग खिलाडिय़ों ने कुल छह पदक जीते, जिनमें दो रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। पदक विजेता खिलाडिय़ों में ध्रुव अंडर-19 91 केजी में रजत, वरुण वर्मा 56 केजी में रजत, साहिल ने 46 केजी, तुषार 60 केजी, अंडर-19 गल्र्ज में विभूति नेगी ने 57 केजी, सानिया ने 66 केजी में कांस्य पदक हासिल किए।
कोच मान सिंह ठाकुर व चरणजीत सिंह ने यह जानकारी दी। उच्च शिक्षा निदेशक डा. अमरजीत कुमार शर्मा, जो स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव हैं, ने कहा कि हिमाचल के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है। स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने खिलाडिय़ो को बधाई दी। अतिरिक्त निदेशक बीआर शर्मा ने इस सफलता का श्रेय प्रदेश के फिजिकल एजुकेशन शिक्षकों की मेहनत और समर्पण को दिया। संयुक्त निदेशक डा. जगदीश कुमार ने कहा कि खिलाडिय़ों ने प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ खेलते हुए श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। एडीपीईओ हैडक्वार्टर तिलक बीजलवान ने भी विजेताओं को बधाई दी।