आज की ख़बरदेश विदेश

न्यायमूर्ति कृष्णन विनोद चंद्रन बने सुप्रीम कोर्ट के नए जज

नई दिल्ली। न्यायमूर्ति कृष्णन विनोद चंद्रन ने गुरुवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने शीर्ष अदालत परिसर में आयोजित एक समारोह में उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर शीर्ष अदालत के अन्य न्यायाधीशों, अनेक वरिष्ठ अधिवक्ताओं समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। न्यायमूर्ति चंद्रन के शपथ ग्रहण के साथ ही शीर्ष अदालत की कुल निर्धारित 34 के मुकाबले न्यायाधीशों की संख्या 33 हो गई। न्यायमूर्ति चंद्रन इससे पहले मार्च 2023 से पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे।

केंद्र सरकार ने सोमवार (13 जनवरी) को एक अधिसूचना जारी कर शीर्ष अदालत में न्यायाधीश पद पर उनकी नियुक्ति से संबंधित घोषणा की थी। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति ने न्यायमूर्ति चंद्रन को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया है। न्यायमूर्ति खन्ना की अध्यक्षता में न्यायमूर्ति बी आर गवई, न्यायमूर्ति सूर्य कांत, न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति अभय एस ओका वाले कॉलेजियम ने सात जनवरी, 2025 को सर्वसम्मति से उन्हें शीर्ष अदालत के न्यायाधीश पद पर पदोन्नत करने की सिफारिश की थी।

यह भी पढ़ें ...  कोलकाता रेप-मर्डर केस के बाद हरियाणा सरकार ने अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की
Hindxpress.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरें

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button