राष्ट्रीय

पहाड़ों पर कल से फिर हो सकती है बर्फबारी राजस्थान के माउंट आबू में पारा माइनस 6 डिग्री पहुंचा

पहाड़ों पर कल से फिर हो सकती है बर्फबारी राजस्थान के माउंट आबू में पारा माइनस 6 डिग्री पहुंचा देश में ठंड का सितम जारी है। आलम ये है कि 50 डिग्री तक का तापमान सहन करने वाला राजस्थान -6 डिग्री तापमान से ठिठुर रहा है। राज्य के माउंट आबू में पारा माइनस 6 डिग्री पहुंच गया है।

इधर, MP में स्कूलों में छुट्‌टी कर दी गई है। शिमला-नैनीताल से ज्यादा सर्दी दिल्ली में पड़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी में आज तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। घने कोहरे के कारण सुबह विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई।

दिल्ली में शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।​​​​​​ कानपुर में रात का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी फिर शुरू होगी। इससे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान और गिर सकता है, जिससे ठंड बढ़ेगी।

श्रीनगर में गुरुवार की रात न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान -5.8 डिग्री, कुपवाड़ा में -5.6 डिग्री, गुलमर्ग में -5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में कई जगहों पर बर्फबारी की आशंका है।

दिल्ली: आयानगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज

दिल्ली के आयानगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सफदरजंग में पारा चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो डलहौजी (8.7 डिग्री), धर्मशाला (5.4 डिग्री), शिमला (6.2 डिग्री), देहरादून (4.4 डिग्री), मसूरी (6.4 डिग्री) और नैनीताल (6.5 डिग्री) से कम है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी तक तक दिल्ली में कोहरा छाया रहेगा।

यह भी पढ़ें ...  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में भाजपा नेताओं के साथ बैठक...

उधर, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है। एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने बताया कि फ्लाइट पकड़ने के लिए घर से निकलने से पहले यात्रियों को संबंधित एयरलाइन से संपर्क कर लेना चाहिए। कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 30 उड़ानें और दिल्ली पहुंचने वाली कम से कम 26 ट्रेनों में देरी हुई।

उत्तर प्रदेश में डार्क यलो अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। कानपुर में रात का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी डार्क यलो अलर्ट जारी किया है। 7 जनवरी तक कोल्ड डे कंडीशन रहने की संभावना है।

राजस्थान में रात-दिन एक जैसे ठंडे

कोहरे और शीतलहर के चलते राजस्थान में कड़ाके की ठंड जारी है। हालत यह कि रात और दिन एक जैसे सर्द हो रहे हैं। हनुमानगढ़, गंगानगर और धौलपुर में तो दिन का तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। माउंट आबू में गुरुवार को तापमान माइनस 6 डिग्री तक पहुंच गया था। इससे पहले 14 जनवरी 2022 को यहां तापमान माइनस 5 डिग्री दर्ज किया गया था।

मध्यप्रदेश 1 जनवरी से ठिठुर रहा है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार से सर्दी के तेवर और तीखे होने वाले हैं। ज्यादा ठंड को देखते हुए भोपाल और इंदौर समेत कई जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। भोपाल में 6 से 10 जनवरी, इंदौर में 6 से 9 जनवरी तक नर्सरी से 8वीं तक कक्षाओं की छुट्टी रहेगी। इसके आदेश भी प्रशासन ने जारी कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें ...  भारत आठवीं बार बना एशिया कप चैंपियन, टीम इंडिया ने रच दिया इतिहास

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि बादल छंटने से ग्वालियर, चंबल, बुंदेलखंड, रीवा, सिंगरौली, जबलपुर और भोपाल समेत उसके आसपास शुक्रवार रात का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और उससे भी कम जा सकता है।

मध्य भारत में औसत तापमान 22.69 डिग्री रहा

मध्य भारत, ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़ और पूर्वी गुजरात में औसत तापमान 22.69 डिग्री रहा। मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर में बीता दिसंबर दिन के समय इतिहास में सबसे गरम रहा। IMD के मुताबिक गुरुवार की सुबह दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहा।

2022 का दिसंबर 122 साल में सबसे कम सर्दी वाला

2022 का दिसंबर महीना 122 साल में सबसे कम सर्दी वाला रहा। दिसंबर में देश का औसत तापमान 21.49 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद सबसे अधिक है। यह औसत सामान्य तापमान से एक डिग्री ज्यादा है। इससे पहले 2008 में औसत तापमान 21.46 डिग्री रहा था। हालांकि दिन और रात के तापमान इतिहास में दूसरे सबसे गर्म दर्ज हुए हैं।

दिसंबर में औसत न्यूनतम तापमान 15.65 डिग्री रहा, जो दिसंबर 2008 के बाद दूसरा सबसे अधिक था। 2008 में औसत न्यूनतम तापमान 15.69 डिग्री रहा था। इसी तरह, दिसंबर 2022 का औसत अधिकतम तापमान 27.32 डिग्री दर्ज हुआ। इससे अधिक तापमान सिर्फ एक बार 2016 में 27.75 डिग्री दर्ज हुआ था।

Hindxpress.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरें

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button