
कुरुक्षेत्र, 17 नवंबर। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा से उनके कार्यालय में मुलाकात की तथा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, प्रो. सुनीता सिरोहा, प्रो. वनिता ढींगरा, डॉ. रमेश कुमार व डॉ. पूनम शर्मा मौजूद रहे।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने उपाध्यक्ष श्रीमती मीना परमार का स्वागत किया। बैठक में उच्च शिक्षण संस्थानों में महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं समावेशी वातावरण सुनिश्चित करने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय महिला सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसरों के प्रति प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय में छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित, सकारात्मक और भेदभाव मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए केवल सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है, बल्कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने के अवसर प्रदान करना भी आवश्यक है।
उपाध्यक्ष मीना परमार ने विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं शिकायत निवारण अधिनियम-2013 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समिति की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। बैठक में शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया, समिति की जिम्मेदारियों, महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम और संवेदनशीलता कार्यशालाएं आयोजित करना जरूरी है। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों को महिला अधिकारों और सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि परिसर में लैंगिक समानता, आपसी सम्मान और यौन उत्पीड़न के प्रति शून्य सहनशीलता की संस्कृति विकसित हो सके।
इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित छात्राओं के छात्रावासों का भी दौरा किया तथा छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा सुरक्षित एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की तथा महिला सुरक्षा से संबंधित वैधानिक प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने और निरंतर जागरूकता बनाए रखने पर जोर दिया।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714







Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714