हरियाणा में इनेलो के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे रामपाल माजरा; अभय चौटाला की मौजूदगी में फिर से पार्टी जॉइन की, साथ ही साथ घोषणा

Haryana INLD President: हरियाणा में इनेलो के नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व कलायत से 3 बार विधायक रहे रामपाल माजरा अब इनेलो हरियाणा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। खास बात यह है कि, रामपाल माजरा ने आज बुधवार को ही चंडीगढ़ में अभय चौटाला की मौजूदगी में इनेलो में जॉइनिंग की। जहां इसके साथ ही अभय चौटाला ने घोषणा कर दी कि रामपाल माजरा इनेलो हरियाणा के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। माजरा 2019 में इनेलो छोड़कर BJP में चले गए थे। माजरा ने अब घर वापसी की है।
अभय चौटाला ने कहा- माजरा से संगठन को मज़बूती मिलेगी
रामपाल माजरा को इनेलो में शामिल करने और प्रदेश अध्यक्ष बनाने को लेकर अभय चौटाला ने कहा- हरियाणा सरकार में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व कलायत से 3 बार विधायक रहे रामपाल माजरा आज इण्डियन नेशनल लोकदल परिवार में वापसी की है। रामपाल माजरा के प्रदेश अध्यक्ष का पद ग्रहण करने से संगठन को मज़बूती मिलेगी और आपका अनुभव कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेगा।
चौटाला ने कहा कि, पिछले 15 सालों में प्रदेश की जनता के साथ बहुत धोखे हुए। आज हर कोई कह रहा है कि सिर्फ इनेलो ही हरियाणा की अपनी पार्टी है। हमें विश्वास है कि प्रदेश के हालात बदलने के लिए और भी पुराने साथी इंडियन नैशनल लोकदल में वापिस आएंगे और मिल कर सत्ता में परिवर्तन लाएंगे।