
पंजाब में चंडीगढ़ से सटे मोहाली के जीरकपुर में बलटाना पुलिस चौकी के पीछे घग्गर नदी के करीब खेतों में पंजाब पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई है। बदमाशों और पुलिस के बीच क्रॉस फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में एक गैंगस्टर घायल हुआ है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर की पहचान गगनवीर ऊर्फ राजन के रूप में हुई है। उससे 32 बोर का पिस्टल भी बरामद किया गया है। हालांकि 2 बदमाश जंगलों में छुप गए। जिनकी तलाश के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन चल रहा है। यह मुठभेड़ बलटाना में सुखना चौ के पास हुई है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आरोपी ने हरमिलाप नगर में एक कबाड़ी की दुकान में गोली चलाई थी। मुठभेड़ में ढकोली एसएचओ और बलटाना चौकी प्रभारी को चोट आई है। घायल को ढकोली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।