नई दिल्ली
दिसंबर की शुरुआत में ही लोगों को महंगाई का झटका लग गया है और 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 16.50 रुपए तक महंगा हो गया है। दिल्ली में अब यह 1818.50 रुपए का मिलेगा। एक महीने पहले भी इसके दाम 62 रुपए बढ़ाकर 1802 रुपए कर दिए गए थे। कोलकाता में यह 15.50 रुपए बढक़र 1927 रुपए में मिल रहा है, पहले इसके दाम 1911.50 रुपए थे। मुंबई में सिलेंडर 1754.50 रुपए से 16.50 रुपए बढक़र 1771 रुपए का हो गया है। चेन्नई में सिलेंडर 1980.50 रुपए का मिल रहा है।
हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह 803 और मुंबई में 802.50 रुपए का मिल रहा है। उधर, जेट फ्यूल 1274 रुपए प्रति किलोलीटर तक महंगा हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में हवाई सफर महंगा हो सकता है। ऐसे में सस्ती हवाई सेवा का इंतजार कर रहे लोगों को झटका लगेगा।
ईपीएफओ सदस्य अब एक लाख तक का ले सकेंगे क्लेम
ईपीएफओ के सदस्य अब ऑटोमेटेड चैनल से एक लाख रुपए तक का क्लेम ले सकते हैं। पहले यह राशि 50 हजार रुपए थी। पैसे शादी, पढ़ाई और घर बनाने के लिए यह पैसे निकाल सकेंगे। इसके अलावा अब क्लेम सेटलमेंट जिस दिन होगा, ब्याज की गणना भी उसी दिन से होगी। अभी माह की 24 तारीख तक सेटल हुए क्लेम पर पिछले माह की 30 तारीख तक का ब्याज मिलता था।