खेल

LSG vs DC: लखनऊ सुपर जाएंट्स ने होमग्राउंड पर दिल्ली को 50 रन से हराया, मार्क वुड ने लिए पांच विकेट

LSG vs DC Live Score: लखनऊ की शानदार जीत

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने धमाकेदार अंदाज में आईपीएल के 16वें सीजन में अपने सफर की शुरुआत की है। उसने अपने होमग्राउंड पर दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से हरा दिया। लखनऊ की दिल्ली के खिलाफ आईपीएल में यह लगातार तीसरी जीत है। अब तक उसे हार का सामना नहीं करना पड़ा है। लखनऊ ने पिछले सीजन में दिल्ली को लगातार दो मैचों में हराया था।

194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम नौ ओवर में 143 रन ही बना सकी। उसके लिए कप्तान डेविड वॉर्नर ने अंत तक संघर्ष किया। उन्होंने 48 गेंद पर 56 रन बनाए। इस दौरान सात चौके लगाए। वॉर्नर को दूसरे छोर से किसी का साथ लंबे समय तक नहीं मिला ।

रिले रूसो ने 20 गेंद पर 30 रन, अक्षर पटेल ने 11 गेंद पर 16 रन, पृथ्वी शॉ ने नौ गेंद पर 12 रन बनाए। इन चारों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए मार्क वुड ने कातिलाना गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 14 रन देकर पांच विकेट लिए।

LSG vs DC Live Score: डेविड वॉर्नर आउट

लखनऊ सुपर जाएंट्स को सबसे बड़ी सफलता आवेश खान ने दिलाई। उन्होंने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर को आउट कर दिया। वॉर्नर 48 गेंद पर 56 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए। दिल्ली ने 16 ओवर में सात विकेट पर 113 रन बना लिए हैं। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव क्रीज पर हैं।

LSG vs DC Live Score: लखनऊ को मिली पांचवीं सफलता

लखनऊ सुपर जाएंट्स को पांचवीं सफलता रवि बिश्नोई ने दिलाई। उन्होनें 14वें ओवर की चौथी गेंद पर रोवमन पॉवेल को एलबीडब्ल्यू कर दिया। पॉवेल तीन गेंद पर एक रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद अमन हकीम खान क्रीज पर उतरे हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने 14 ओवर में पांच विकेट पर 96 रन बना लिए हैं। कप्तान डेविड वॉर्नर 42 गेंद पर 43 रन बनाकर नाबाद हैं। टीम को जीत के लिए 36 गेंद पर 98 रन बनाने हैं।

LSG vs DC Live Score: रिले रूसो हुए आउट

दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका रवि बिश्नोई ने दिया। उन्होंने 12वें ओवर की अंतिम गेंद पर रिले रूसो को आउट कर दिया। रूसो 20 गेंद पर 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कायेल मेयर्स ने उनका कैच लिया। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। दिल्ली ने 12 ओवर में चार विकेट पर 86 रन बना लिए हैं।

यह भी पढ़ें ...  BCCI के एनुअल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर हो सकते हैं रहाणे-ईशांत

LSG vs DC Live Score: मार्क वुड को मिली तीसरी सफलता

मार्क वुड की कातिलाना गेंदबाजी मैच में जारी है। उन्होंने अपने दूसरे और पारी के सातवें ओवर में लखनऊ सुपर जाएंट्स को तीसरी सफलता दिलाई। वुड ने सरफराज खान को कृष्णप्पा गौतम के हाथों कैच कराया। सरफराज ने मार्क वुड की बाउंसर की पहले छोड़ने का प्लान बनाया, लेकिन अंत में उन्होंने बल्ला लगा दिया। गेंद थर्ड मैन की तरफ गौतम के हाथों में चली गई। दिल्ली ने आठ ओवर में तीन विकेट पर 53 रन बना लिए हैं। कप्तान डेविड वॉर्नर 31 और रिले रूसो तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।

LSG vs DC Live Score: मार्क वुड ने बरपाया कहर

लखनऊ सुपर जाएंट्स के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने कहर बरपा दिया है। उन्होंने पारी के पांचवें और अपने पहले ओवर में लगातार दो गेंद पर दो विकेट लिए। उन्होंने तीसरी गेंद पर पहले पृथ्वी शॉ और फिर चौथी गेंद पर मिचेल मार्श को क्लीन बोल्ड कर दिया। पृथ्वी ने नौ गेंद पर 12 रन बनाए। उन्होंने दो चौके लगाए। पृथ्वी ने वॉर्नर के साथ 27 गेंद पर पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। शानदार फॉर्म में चल रहे ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श उनके बाद बल्लेबाजी के लिए। वह मार्क वुड की गेंद को समझ नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए।

LSG vs DC Live Score: दिल्ली की धमाकेदार शुरुआत

दिल्ली कैपिटल्स ने 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए धमाकेदार शुरुआत की है। उसने चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 40 रन बना लिए हैं। कप्तान डेविड वॉर्नर 18 गेंद पर 26 रन और पृथ्वी शॉ छह गेंद पर 12 रन बनाकर नाबाद हैं।

LSG vs DC Live Score: दिल्ली को मिला मुश्किल लक्ष्य

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 194 रन का लक्ष्य मिला। लखनऊ के लिए वेस्टइंडीज के कायेल मेयर्स ने 38 गेंद पर सर्वाधिक 73 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और सात छक्के लगाए। निकोलस पूरन ने 21 गेंद पर तेजी से 36 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। आयुष बदोनी ने आखिरी ओवरों में सात गेंद पर 18 रन जड़ दिए। उन्होंने एक चौका लगाया और दो लंबे छक्के उड़ाए।

दीपक हुड्डा 17, मार्कस स्टोइनिस 12 और केएल राहुल आठ रन बनाकर आउट हुए। क्रुणाल पांड्या 13 गेंद पर 15 और कृष्णप्पा गौतम एक गेंद पर छह रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली कैपिटल्स के लिए खलील अहमद और चेतन सकारिया ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली।

यह भी पढ़ें ...  विराट कोहली और गौतम गंभीर मैच के बाद भिड़ गए, जमकर हुई तू तू मैं मैं.... वीडियो हुआ वायरल

LSG vs DC Live Score: निकोलस पूरन पवेलियन लौटे

निकोलस पूरन के रूप में लखनऊ सुपर जाएंट्स को पांचवां झटका लगा। वह 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए। खलील अहमद की गेंद पर पूरन ने पृथ्वी शॉ को कैच थमा दिया।

LSG vs DC Live Score: पूरन और क्रुणाल क्रीज पर टिके

निकोलस पूरन और क्रुणाल पांड्या ने लखनऊ सुपर जाएंट्स की पारी को संभाल लिया है। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी कर ली है। लखनऊ ने 18 ओवर में चार विकेट पर 157 रन बना लिए हैं। पूरन 28 और क्रुणाल 14 रन बनाकर नाबाद हैं।

LSG vs DC Live Score: मार्कस स्टोइनिस भी हुए फेल

दिल्ली कैपिटल्स को चौथी सफलता खलील अहमद ने दिलाई। उन्होंने 15वें ओवर की पहली गेंद पर मार्कस स्टोइनिस को आउट कर दिया। स्टोइनिस 10 गेंद पर 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एक छक्का लगाया। स्टोइनिस का कैच विकेट के पीछे सरफराज खान ने लिया।

LSG vs DC Live Score: कायेल मेयर्स को अक्षर ने किया आउट

अक्षर पटेल ने दिल्ली कैपिटल्स को बड़ी सफलता 12वें ओवर में दिलाई। उन्होंने तीसरी गेंद पर कायेल मेयर्स को क्लीन बोल्ड कर दिया। मेयर्स 38 गेंद पर 73 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और सात छक्के लगाए। मेयर्स के आउट होने के बाद मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर आए हैं।

LSG vs DC Live Score: दीपक हुड्डा को कुलदीप ने किया आउट

कुलदीप यादव ने दिल्ली कैपिटल्स को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर दीपक हुड्डा को आउट कर दिया। दीपक 18 गेंद पर 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने कायेल मेयर्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की। दीपक का कैच बाउंड्री पर दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने लिया।

LSG vs DC Live Score: कायेल मेयर्स का धमाकेदार अर्धशतक

कायेल मेयर्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए अपना पहला अर्धशतक लगा दिया है। उन्होंने 28 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। मेयर्स ने नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर कुलदीप यादव को छक्का लगाया। छक्के के साथ उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। लखनऊ ने 10 ओवर में 89 रन बना लिए हैं। मेयर्स 32 गेंद पर 64 और दीपक हुड्डा 16 गेंद पर 16 रन बनाकर नाबाद हैं।

Hindxpress.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरें

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button