
कुरुक्षेत्र, 9 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में भौतिकी विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमएससी. फिजिक्स कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ की जा चुकी है। विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजेश खरब ने बताया कि विभाग द्वारा दो वर्षीय एमएससी. फिजिक्स कार्यक्रम में 120 तथा एक वर्षीय एम.एससी. फिजिक्स कार्यक्रम में 34 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। आनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है।
डॉ. राजेश खरब ने बताया कि वर्ष 1961 में स्थापित भौतिकी विभाग विश्वविद्यालय के सबसे प्रतिष्ठित और शोधोन्मुख विभागों में से एक है। विभाग ने पिछले छह दशकों में शिक्षण, अनुसंधान तथा नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभाग के शोध कार्यों को मान्यता मिली है तथा यहां से शिक्षित विद्यार्थी देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों, उद्योगों एवं अनुसंधान प्रयोगशालाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। विभाग में विद्यार्थियों को अनुभवी एवं समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन में अध्ययन करने का अवसर मिलता है। अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण, उच्च गति इंटरनेट सुविधा, डिजिटल लाइब्रेरी, कम्प्यूटेशनल फिजिक्स प्रयोगशालाएं तथा उन्नत शोध अवसंरचना विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शोध कार्य के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती हैं। विभाग में आयन बीम सेंटर, 200 केवी आयन एक्सीलरेटर, स्मार्ट क्लासरूम, इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर और सेमिनार हॉल जैसी विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि एमएससी. फिजिक्स कार्यक्रम का पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसमें विषयगत ज्ञान के साथ-साथ कौशल विकास, अनुसंधान क्षमता, नवाचार और उद्यमिता पर विशेष बल दिया गया है। पाठ्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स, मैटेरियल साइंस, न्यूक्लियर फिजिक्स, पार्टिकल फिजिक्स, कंडेंस्ड मैटर फिजिक्स तथा कम्प्यूटेशनल फिजिक्स जैसे आधुनिक एवं रोजगारोन्मुख विषय शामिल किए गए हैं। विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट कार्य, डिसर्टेशन, इंटर्नशिप तथा वैल्यू एडेड कोर्सेज के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जाएगा।
प्रवेश के लिए पात्रता के अनुसार दो वर्षीय एमएससी. फिजिक्स कार्यक्रम में वही विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने बी.एससी. में फिजिक्स विषय के न्यूनतम 24 क्रेडिट प्राप्त किए हों तथा कुल अंकों में कम से कम 50 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए हासिल किया हो। वहीं एक वर्षीय एमएससी. फिजिक्स कार्यक्रम के लिए फिजिक्स में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा अथवा चार वर्षीय बी.एससी. (ऑनर्स/रिसर्च) डिग्री वाले विद्यार्थी आवेदन के पात्र होंगे। डॉ. राजेश खरब ने बताया कि विभाग नियमित रूप से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, विशेषज्ञ व्याख्यानों तथा अकादमिक-औद्योगिक सहयोग कार्यक्रमों का आयोजन करता है। रोजगार की दृष्टि से भी यह कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी है।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि एमएससी. फिजिक्स के विद्यार्थी रिसर्च साइंटिस्ट, डेटा साइंटिस्ट, मेडिकल फिजिसिस्ट, डेटा एनालिस्ट, आरएंडडी इंजीनियर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग विशेषज्ञ, नैनो टेक्नोलॉजिस्ट, वैज्ञानिक लेखक, व्याख्याता तथा उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट करियर बना सकते हैं। विभाग द्वारा विद्यार्थियों को प्लेसमेंट, इंटर्नशिप तथा करियर मार्गदर्शन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं तथा विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट और विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714







Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714