
फिरोजपुर, 14 नवंबर
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और खेलों को अपने विकास एजेंडे के केंद्र में रखकर पंजाब के युवाओं को नौकरी खोजने वालों से नौकरी देने वाले बना रही है।
यहां शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी के पहले कन्वोकेशन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए प्रांत के बजट का 26 प्रतिशत हिस्सा रखना, मात्र चार सालों में सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करना और सीमावर्ती इलाकों की संस्थाओं का उच्च शिक्षा के केंद्र के रूप में उभरना पंजाब को अपने युवाओं के लिए तरक्की के नए रास्ते खोल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को पारंपरिक पेशों से आगे देखना चाहिए, उद्यमी, पेशेवर और खिलाड़ी बनना चाहिए, जबकि सरकार सेना में भर्ती होने के इच्छुक लोगों के लिए भर्ती की तैयारी करने के कैंप भी लगाएगी।
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की मौजूदगी में कन्वोकेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने डिग्रियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें समाज में योगदान देते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। स्नातक होने वालों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, “यह कन्वोकेशन उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के शिखर को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण अवसर है।” उन्होंने उन्हें विनम्र रहने, समाज में सार्थक योगदान देने और अपने माता-पिता और शिक्षकों का मान बढ़ाने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2021 में 98 एकड़ में स्थापित शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी में इस समय 2,600 से अधिक विद्यार्थी हैं और अगले साल तक इसमें दाखिला दोगुना होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “सीमावर्ती क्षेत्रों में शैक्षिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है, जिसने यह सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं ताकि इन क्षेत्रों के युवाओं की गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा तक पहुंच हो सके।”
उन्होंने कहा, “पहले, सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के संस्थानों तक सीमित पहुंच थी। आज, शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी इस सीमावर्ती पट्टी के युवाओं के लिए शिक्षा के प्रकाश स्तंभ के रूप में उभरी है। हमारी युवा पीढ़ी को सक्षम बनाने के लिए शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास आवश्यक हैं और यह यूनिवर्सिटी इस दिशा मंि महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को केवल रोजगार की तलाश करने के लिए ही नहीं बल्कि नौकरियां देने वाले बनने के लिए भी तैयार कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस संस्था के स्नातक कारोबार स्थापित करेंगे, रोजगार के अवसर पैदा करेंगे और स्कूलों, कॉलेजों और गांवों के विकास में योगदान देंगे। उन्होंने कहा, “यह देखकर खुशी होती है कि इस संस्था ने आई.ए.एस. और आई.पी.एस. अधिकारियों के साथ-साथ कई अन्य क्षेत्रों में भी नामवर हस्तियां पैदा की हैं। हमारा लक्ष्य युवाओं को ऐसे ज्ञान और कौशल से लैस करना होना चाहिए जो उन्हें अपने और दूसरों के लिए अवसर पैदा करने के योग्य बनाएं।”
सरकारी स्कूलों की शिक्षा में आए क्रांतिकारी बदलाव को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में घोषित नतीजों में पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा पास की है, जबकि साल 2021 में यह संख्या केवल 80 थी। उन्होंने कहा, “यह मात्र चार सालों में लगभग 11 गुना वृद्धि है और यह हमारे सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में हुए व्यापक सुधार को दर्शाता है। यह उपलब्धि इस नजरिए से और भी अहम हो जाती है कि सफल होने वाले बहुत से विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंधित हैं, जिनमें रिक्शा चालकों, छोटे दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं के बच्चे शामिल हैं। ये बच्चे अब अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ इरादे के कारण देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाएं पास कर रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दे रही है और इस क्षेत्र के लिए अपने बजट का 26 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित रखा है। उन्होंने खेलों के लिए 1,794 करोड़ रुपये के बजट का जिक्र करते हुए इसे खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं के लिए अवसरों के विस्तार के प्रति पंजाब सरकार की ठोस प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
हाल ही में करवाई गई एशियाई हॉकी चैंपियनशिप का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने अपने इतिहास में पहली बार प्रांत के भीतर किसी अंतरराष्ट्रीय खेल मुकाबले की मेजबानी की है। उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं के लिए लगातार अवसर सृजित कर रही है और प्रांत के खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने जोर देकर कहा, “सफलता केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनने तक ही सीमित नहीं है। खेलों और कई अन्य क्षेत्रों में भी असीमित अवसर मौजूद हैं। हमारे युवाओं को अपनी रुचियों की पहचान करनी चाहिए और यह समझना चाहिए कि ऐसे बहुत से रास्ते हैं जिनके माध्यम से वे बुलंदियों को छू सकते हैं और समाज की सेवा कर सकते हैं।”
माता-पिता से अपने बच्चों की इच्छाओं का समर्थन करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हर बच्चे में अलग-अलग खूबियां और प्रतिभा होती है और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने की आजादी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को खुले आसमान में उड़ने दें और उनके सपनों को पंख लगाएं।” उन्होंने कहा कि समाज को अलग-अलग क्षेत्रों से संबंधित पेशेवरों की आवश्यकता है और हर बच्चे में कुछ अलग हासिल करने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि एक हवाई जहाज को भी रनवे तक पहुंचने के लिए सहायता की आवश्यकता होती है, लेकिन एक बार उड़ान भरने के बाद उसकी मंजिल उसके इंजन की ताकत पर निर्भर करती है। इसी तरह सहायता के लिए माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों के सहयोग की आवश्यकता होती है, जिसके बाद उनका अपना दृढ़ इरादा और काबिलियत तय करती है कि वे कितनी ऊंची उड़ान भर सकते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी जिस पक्ष में भी गए हैं, उन्होंने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं और अपनी अलग पहचान कायम की है। भारतीय खेलों में पंजाब के योगदान को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि प्रांत के खिलाड़ी न केवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं, बल्कि अलग-अलग खेलों में देश का नेतृत्व भी कर रहे हैं।
हरमनप्रीत सिंह, शुभमन गिल, हरमनप्रीत कौर और पालप्रीत सिंह बराड़ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने हॉकी, क्रिकेट और बास्केटबॉल में भारतीय टीमों का नेतृत्व करके देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने भारतीय हॉकी टीम में पंजाब के बड़े प्रतिनिधित्व का जिक्र करते हुए कहा कि प्रांत की खेल प्रतिभा लगातार देश का नाम रोशन कर रही है।
डिग्रियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को जमीन से जुड़े रहने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने माता-पिता और शिक्षकों को कभी नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने उनके लिए समय-समय पर कई कुर्बानियां दी हैं और उनके जीवन को संवारने में निर्णायक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, “कोई भी व्यक्ति कभी भी अपने शिक्षक से बड़ा नहीं बन सकता। शिक्षक उन मालियों की तरह होते हैं, जो पौधों को बड़े प्यार और लगन से पालते हैं।
उन्हें सबसे बड़ी खुशी तब मिलती है, जब उनके विद्यार्थी सफल होते हैं और ऊंची मंजिलों पर पहुँचते हैं। इसी तरह माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अनगिनत कुर्बानियां देते हैं। इसलिए अपने शिक्षकों और माता-पिता के योगदान को हमेशा याद रखें और उनके ऋणी रहें।”
उन्होंने कहा कि स्नातक विद्यार्थियों का असली सफर पढ़ाई पूरी करने के बाद शुरू होता है, जब उन्हें पेशेवर जिम्मेदारियों, इंटरव्यू और नई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं, खासकर यू.पी.एस.सी. की तैयारी और देश की सेवा के लिए आई.ए.एस. और आई.पी.एस. अधिकारी बनने का लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया।
सशस्त्र सेनाओं में मौजूद अवसरों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के सीमावर्ती इलाकों के युवाओं में नेशनल डिफेंस एकेडमी (एन.डी.ए.) और अन्य रक्षा संस्थानों में शामिल होने के प्रति भारी उत्साह है।
उन्होंने बताया कि थल सेना प्रमुख और पश्चिमी कमान की लीडरशिप के साथ हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने भरोसा दिया था कि पंजाब सरकार अधिक से अधिक पंजाबी युवाओं को सिख रेजिमेंट सहित सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए भर्ती जागरूकता और तैयारी कैंप लगाएगी।
मुख्यमंत्री ने डिग्रियां प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आह्वान दिया कि वे केवल विदेशों में अवसरों की तलाश करने की बजाय अपनी जड़ों से जुड़े रहने और पंजाब की तरक्की में योगदान देने को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “पंजाब गुरुओं, पीरों और संतों-महापुरुषों की बसाई धरती है और यहां के लोगों ने हमेशा देश के लिए बहुमूल्य योगदान दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे पढ़े-लिखे युवा समाज की सेवा करेंगे, अपनी मातृभूमि के विकास में हिस्सा लेंगे और जहां भी जाएंगे, पंजाब का नाम रोशन करेंगे।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विद्यार्थियों को भरोसा दिया कि जब भी उन्हें सहयोग की आवश्यकता होगी, वे हमेशा उनके लिए हाजिर रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को रोशन भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714






Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714