धनतेरस पर हिमाचल में 1500 करोड़ का कारोबार, व्यापारी खुश:महंगाई बेअसर

धनतेरस के मौके पर हिमाचल प्रदेश के बाजारों में शुक्रवार को खूब रौनक रही और महंगाई के दौर में भी ग्राहकों ने दिनभर खूब खरीददारी की। व्यापारिक संगठनों के अनुसार इस बार हिमाचल प्रदेश में धनतेरस पर करीब 1500 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। सोना-चांदी के साथ-साथ बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहनों की बिक्री में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। शिमला, मंडी, सोलन, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जैसे प्रमुख जिलों में बाजार सुबह से देर रात तक गुलजार रहे। ग्राहकों में उत्साह इस कदर था कि कई दुकानों पर सामान खरीदने के लिए लंबी कतारें लग गईं। ज्वेलरी शॉप्स, बर्तन स्टोर और इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम में दिनभर खरीददारी का सिलसिला जारी रहा। व्यापारियों के अनुसार इस बार लोगों की खरीद क्षमता बढ़ी है और जीएसटी दरों में हालिया कमी से उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिला है। सोना-चांदी के बर्तनों, किचन अप्लायंसेज और कुछ इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के दामों में कमी आने से खरीददारी में और तेजी देखी गई। व्यापारी संगठनों का कहना है कि कर दरों में यह राहत बाजार में नई ऊर्जा लेकर आई है। धनतेरस पर इस बार लगभग 400 नए वाहनों की बिक्री भी हुई।
वाहन विक्रेताओं ने बताया कि इस बार दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री में करीब 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। व्यापार मंडलों का मानना है कि त्योहारी सीजन ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। सोना-चांदी के साथ-साथ बर्तनों और इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की मजबूत बिक्री ने बाजारों में उत्साह का माहौल बना दिया। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सोमेश कुमार शर्मा का कहना है कि धनतेरस प्रदेश में करीब 1500 करोड़ का करोबार हुआ है। जीएसटी दरों में कमी से उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ा है। लोग खुलकर खरीददारी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में लंबे समय बाद इतनी रौनक देखने को मिल रही है। धनतेरस ने इस बार कारोबार को नई उड़ान दी है। व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सोमेश कुमार शर्मा ने धनतेरस और दिवाली तक प्रदेश में पांच हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान जताया है। उधर, देशभर में शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार दर्ज किया गया है। इसमें अकेले सोने और चांदी की बिक्री 60,000 करोड़ रुपए से अधिक रहने का अनुमान है। यह जानकारी कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने दी। कैट ने कहा कि त्योहारों के दौरान खरीदारी को लेकर ग्राहकों का उत्साह बरकरार है और उन्होंने धनतेरस से जुड़ी पारंपरिक खरीदारी जमकर की है। इस बीच, ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (एआईजेजीएफ) ने कहा कि सोने और चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद इनकी मांग मजबूत बनी हुई है। खरीदार अब हल्के वजन के आभूषणों और पारंपरिक निवेश उत्पादों को अधिक पसंद कर रहे हैं।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714







Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714