
पंजाब के मोहाली जिले के सोहाना में एक छप्पड़ के पास मिले नर्स नसीब कौर (23) की हत्या में पंजाब पुलिस के बर्खास्त ASI रशप्रीत सिंह का नाम आया है। उसका नर्स के साथ अफेयर चल रहा था। 13 नवंबर को नसीब कौर की हत्या गला घोंट की गई थी। इसमें उसके गले की हड्डी भी टूट गई थी। आरोपी ASI रशप्रीत सिंह मोहाली फेज 8 के थाने में तैनात था। डकैती का एक केस दर्ज होने के बाद से वह फरार है। उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। अब रशप्रीत पर सोहाना थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया है।
मोबाइल फोन ने खोला राज
जानकारी के मुताबिक आरोपी का नर्स के साथ अफेयर चल रहा था। वह पहले से शादीशुदा था और नसीब कौर को इसकी जानकारी नहीं थी। मृतका के मोबाइल फोन में उसकी रशप्रीत से चैट भी पुलिस को मिली है। इसी के आधार पर पुलिस का शक फरार रशप्रीत पर गया।
एक्टिवा पर ले गया था शव
जानकारी के मुताबिक नसीब कौर का शव एक्टिवा पर छप्पड़ के पास रशप्रीत ने ही फेंका था। पुलिस को एक CCTV फुटेज भी प्राप्त हुई है। मृतका पंचकूला सेक्टर 5 के एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स थी और मूलरुप से पंजाब के अबोहर की निवासी थी। वह मोहाली में PG रह रही थी। उसकी लाश के पास ही उसका मोबाइल मिला था।
प्रमोशन पाकर बना था ASI
जानकारी के मुताबिक रशप्रीत को पंचकूला में गैंगस्टर्स से हुई एक मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी थी। उसकी बहादुरी को देखते हुए उसे ASI बना दिया गया था। हालांकि बाद में उसका नाम आपराधिक केस में आने के बाद नौकरी से निकाल दिया गया था।