नई दिल्ली
भारत की पासपोर्ट रैंकिंग में गिरावट आई है और अब यह 2025 के हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में 85वें स्थान पर पहुंच गया है। इस साल भारत की रैंकिंग पांच पायदान नीचे खिसक गई है, जो पहले 80वें स्थान पर थी। इंडेक्स के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट धारक अब 57 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। भारत इस रैंकिंग को इक्वेटोरियल गिनी और नाइजर के साथ साझा कर रहा है।
वहीं पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की रैंकिंग 103वीं है। सिंगापुर ने लगातार दूसरे साल दुनिया के सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट की सूची में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया है। 2025 के हेनले पासपोर्ट इंडेक्स के अनुसार सिंगापुर का पासपोर्ट धारक 195 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकता है। इस सूची में जापान दूसरे स्थान पर है, जिसके पासपोर्ट धारक 193 देशों में वीजा-मुक्त यात्रा कर सकते हैं। वहीं, अमरीका की रैंकिंग में भी गिरावट आई है, जो अब नौवें स्थान पर है, जबकि 2015 में यह दूसरे स्थान पर था।