कैथल शुगर मिल में किसानों का प्रदर्शन, गन्ने के रेट में 15 पैसे बढ़ोतरी से नाराज

कैथल में हरियाणा किसान सांझा संघर्ष मोर्चा की जिला कमेटी ने गन्ने के भाव में की गई बढ़ोतरी को नाकाफी बताते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शनिवार को किसानों ने शुगर मिल परिसर में धरना देकर 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी को किसानों के साथ छलावा बताया। इसके लिए किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम शुगर मिल के एमडी को ज्ञापन सौंपकर गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल किसानों ने कहा कि सरकार ने मौजूदा पेराई सत्र के लिए गन्ने के रेट में केवल 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। वहीं, अगले पेराई सत्र के लिए 20 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। किसानों के मुताबिक, खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार की ओर से की गई बढ़ोतरी उस अनुपात में नहीं है। किसान इस फैसले से संतुष्ट नहीं हैं और उनकी मांग के अनुसार गन्ने का भाव तय किया जाना चाहिए। वहीं, मोर्चा जिला संयोजक महेंद्र सिंह और जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह ने कहा कि सरकार मामूली बढ़ोतरी को इस तरह पेश कर रही है, जैसे किसानों को बड़ी राहत दी गई हो।
यह बढ़ोतरी गन्ना उत्पादन की लागत के मुकाबले बेहद कम है। किसान सभा के राज्य प्रधान बलबीर सिंह और घासी राम नैन ने कहा कि किसान लंबे समय से गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। गन्ने की फसल तैयार करने में पूरा साल लग जाता है। खाद, बीज, दवाइयों, सिंचाई और मजदूरी का खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद किसानों को उचित दाम नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि चीनी के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिसका बोझ किसानों को भी उठाना पड़ता है। वहीं, किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार गन्ना किसानों को 68 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से सब्सिडी दे रही है, जबकि हरियाणा सरकार की घोषणा किसानों की मांगों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने गन्ने के भाव में उचित बढ़ोतरी नहीं की तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन कर घेराव किया जाएगा। किसानों ने सरकार से मांग की कि गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए, ताकि बढ़ती लागत के बीच किसानों को राहत मिल सके।
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714
Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714







Deprecated: htmlspecialchars(): Passing null to parameter #1 ($string) of type string is deprecated in /home/ynvicrxv1075/public_html/hindxpress.com/wp-includes/formatting.php on line 4714